BJP नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राव साहेब दानवे पाटिल ने कार्यकर्ता को मारी लात, सामने आया VIDEO

Raosaheb Danve Patil- India TV Hindi

Image Source : INDIA TV
राव साहेब दानवे पाटिल

मुंबई: पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता राव साहेब दानवे पाटिल से जुड़ी हैरान करने वाली बात सामने आई है। पाटिल ने पार्टी के एक कार्यकर्ता को लात मारी है। इसका वीडियो भी सामने आ गया है। पाटिल ने एक कार्यकर्ता को फोटो फ्रेम से दूर रखने के लिए लात मारी। वीडियो में पूर्व केंद्रीय मंत्री को लात मारते हुए देखा जा सकता है।

क्या है पूरा मामला?

घटना सोमवार की बताई जा रही है। दरअसल दानवे पाटिल जालना विधानसभा सीट से महायुति के उम्मीदवार अर्जुन खोतकर से मिलने गए थे। इसी दौरान ये घटना घटी। कार्यकर्ता का नाम शेख हमद बताया जा रहा है। 

कौन हैं राव साहेब दानवे पाटिल?

रावसाहेब का जन्म 18 मार्च 1955 को महाराष्ट्र के जालना में हुआ था। उन्होंने जे.ई.एस. कॉलेज, जालना, महाराष्ट्र से बीए की डिग्री हासिल की है। वह अपने राजनीतिक जीवन में सरपंच, सांसद और बाद में एक राज्यमंत्री रहे। बीजेपी संगठन में भी उन्होंने अहम जिम्मेदारियां निभाईं। वह महाराष्ट्र भाजपा के महासचिव और दो बार उपाध्यक्ष रहे हैं। उन्हें ग्रामीण जड़ों वाले नेता के रूप में जाना जाता है।

राव साहेब वर्तमान में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 बीजेपी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हैं। ऐसे में वह महाराष्ट्र में बीजेपी (BJP) के स्टार प्रचारकों में से एक हैं और राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर बीजेपी व महायुति के प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटा रहे हैं। इसी कड़ी में पाटिल जालना सीट पर पहुंचे थे लेकिन यहां उन्होंने कार्यकर्ता को लात मार दी। 

बता दें कि महाराष्ट्र में 20 नवंबर को चुनाव होंगे और 23 नवंबर को वोटों की गिनती होगी। महाराष्ट्र में एक ही चरण में चुनाव होगा। महाराष्ट्र में विधानसभा की कुल 288 सीटें हैं, जिसमें बहुमत के लिए 145 सीट चाहिए होती हैं। 2019 के चुनाव में बीजेपी को 105, शिवसेना को 56, एनसीपी को 54, कांग्रेस को 44 और अन्य को 29 सीटें मिली थीं। 

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें