तिहावली में सो रहे परिवार पर जानलेवा हमला एक की मौत, तीन गंभीर घायल

रामगढ़ शेखावाटी क्षेत्र के तिहावली गांव में बीती रात को एक ही परिवार पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। इस दर्दनाक घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी, मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान प्रकाश सिंह के रूप में हुई है। घटना के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था, तभी देर रात अज्ञात हमलावरों ने अचानक घर में घुसकर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे प्रकाश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।हमले में घायल मृतक के बेटे की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे पहले फतेहपुर से सीकर और बाद में जयपुर रेफर किया गया है। वहीं मृतक की मां को भी गंभीर हालत में फतेहपुर से सीकर भेजा गया है। मृतक की पत्नी का इलाज फिलहाल फतेहपुर के अस्पताल में जारी है।घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और संभावित आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।मृतक की पत्नी ने इस हमले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि गांव के सरपंच प्रतिनिधि और उनके परिजन इस हमले में शामिल हो सकते हैं। उसके अनुसार पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।घटना के बाद तिहावली गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें